कामता में नहीं लगा आधार मोबाइल अपडेट कैंप
लातेहार उपायुक्त के निर्देशानुसार 22 से 30 मई 2025 तक पंचायत वार आधार मोबाइल अपडेट कैंप आयोजित किया जाना था। हालांकि, कामता में यह कैंप नहीं लग पाया। ग्रामीण महिलाएं आधार अपडेट के लिए ऑपरेटर का इंतजार...

चंदवा प्रतिनिधि। उपायुक्त लातेहार के निर्देशानुसार 22 से 30 मई 2025 तक पंचायत वार आधार मोबाइल अपडेट कैंप लगाया जाना है। इसके बावजूद कामता में गुरुवार को कैंप नहीं लग पाया। पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने कहा कि आधार मोबाइल अपडेट कैंप लगने की जानकारी मिलने के बाद पंचायत के ग्रामीण कामता पंचायत सचिवालय पहुंचे, परंतु आधार आपरेटर कामता पंचायत सचिवालय नहीं पहुंचे और कैंप नहीं लग पाया। दस बजे से तीन बजे तक ग्रामीण महिलाएं आधार अपडेट के लिए आपरेटर का इंतजार करते हुए काफी परेशान दिखी। गौरतलब हो कि महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में लाभुकों का आधार मोबाइल अपडेट नहीं होने के कारण लाभ देने में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त समस्या के निराकरण हेतु विशेष रूप से आधार मोबाइल अपडेट कैंप आयोजित करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया था। आधार मोबाइल अपडेट कैंप 22 से 30 मई तक प्रातः 09:30 बजे से संध्या 5 बजे तक लगाया जाना है। सेविका पद्मावती देवी, सुषमा वैद्य, सनिचरीया देवी, मीना देवी, देवंती देवी, सरोज देवी के द्वारा शिविर को लेकर इसके प्रचार प्रसार भी किया गया था। पंसस व मुखिया नरेश भगत ने कहा कि उपायुक्त के निर्देश की अनदेखी की जा रही है,जो गंभीर मामला है। मामले को लेकर बीडीओ चंदन प्रसाद ने कहा कि जानकारी मिली है। इस सम्बंध में प्रज्ञा केंद्र संचालक से जबाब तलब किया जाएगा तथा शुक्रवार से कैम्प अवश्य लगाया जाएगा। फोटो - 8- गुरूवार को ऑपरेटर के इंतजार में बैठी सेविकाएं व ग्रामीण
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।