Good Friday Worship in Medininagar A Celebration of Love and Sacrifice मेदिनीनगर के सभी चर्च में हुई गुड फ्राइडे पर क्रूस उपासना, Palamu Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsPalamu NewsGood Friday Worship in Medininagar A Celebration of Love and Sacrifice

मेदिनीनगर के सभी चर्च में हुई गुड फ्राइडे पर क्रूस उपासना

गुड फ्राइडे की विशेष आराधना मेदिनीनगर में शांति की रानी महागिरिजाघर, यूनियन चर्च और सीएनआई चर्च में आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने क्रूस उपासना, प्रार्थना सभा और प्रभु यीशु के सात वचनों पर ध्यान...

Newswrap हिन्दुस्तान, पलामूSat, 19 April 2025 12:51 AM
share Share
Follow Us on
मेदिनीनगर के सभी चर्च में हुई गुड फ्राइडे पर क्रूस उपासना

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। गुड फ्राइडे की विशेष आराधना शुक्रवार को मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के शांति की रानी महागिरिजाघर, यूनियन चर्च एवं रेड़मा के सीएनआई चर्च में की गई। क्रूस उपासना एवं प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में ख्रीस्त विश्वासियों ने भाग लिया। डालटनगंज स्टेशन रोड स्थित शांति की रानी महागिरिजाघर में दोपहर तीन बजे से गुड फ्राइडे की चर्च आराधना शुरू हुई। मुख्य अनुष्ठाता पल्ली पुरोहित फादर अरविंद मुंडा ने चर्च आराधना, क्रूस उपासना एवं अन्य धर्म विधि को संपन्न कराया। मुख्य अनुष्ठाता को फादर संजय गिद्ध, फादर अजय मिंज, जार्ज तिग्गा, संतोष, अनीस हांसदा, रौशन, यशवीर व सेबेस्टियन ने सहयोग किया। पुरोहितों ने संदेश में कहा कि पवित्र शुक्रवार प्रेम एवं करुणा का संदेश देता है। क्रूस रास्ते पर चलते हुए यीशु ख्रीस्त के सात वाणी आज भी अमर हैं। उन्होंने प्रभु यीशु के प्रेम, त्याग व विश्व बंधुत्व के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज के जरूरतमंदों की सेवा करने का आह्वान किया। मौके पर मसीहियों ने क्रूस उपासना से जुड़े गीत प्रस्तुत किया। इसमें जो क्रुस पर पे कुर्बान है, वो मेरा मसीहा है, हर जख्म जो है वह मेरे गुनाह का है, गीत आदि शामिल था।

यूनियन चर्च में गुड फ्राइडे के मौके पर पादरी प्रभु रंजन मसीह के नेतृत्व में चर्च अराधना का आयोजन किया गया। प्रभु यीशु मसीह के क्रूस पर से कहे गए सातों क्रूस वाणी पर प्रकाश डाला। आज के दिन प्रभु यीशु मसीह की येरूशलम में क्रूस पर मृत्यु हुईं थी, वे जब तक क्रूस पर रहे, तब तक सारे देश में अंधियारा छाए रहने के साथ कई घटनाएं हुईं थीं। क्रूस पर लटकाए जाने पर प्रभु यीशु ने कहा था कि हे ईश्वर इन्हें माफ करना, क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं?

उन्होंने क्रूस पर से सात वचन कहे थे, इसमें प्रथम वचन में उन्होंने सभी को क्षमा किया था। दूसरे वचन में अपने साथ लटकाए गए डाकुओं से कहा था कि आप अपने राज्य में आओ, तब मेरा स्मरण करना और तू आज ही मेरे साथ स्वर्ग लोक में होगा। तीसरे वचन में अपनी माता से कहा हे नारी देख यूहन्ना तेरा पुत्र है और यूहन्ना से कहा कि मरियम तेरी माता है। प्रभु यीशु ख्रीस्त की मृत्यु क्रूस पर आज के दिन हुई थी और प्रभु यीशु ख्रीस्त मृतकों में से तीसरे दिन जी उठे थे। श्रद्धालुओं ने सामूहिक स्वरों में गीत गाए। अनुष्ठान में डा नीलम होरो, अभिषेक मसीह, शशि मिंज, अनिल, अर्पण, अमन, डा. डोरा, विल्सन आदि सक्रिय रहे।

सीएनआई चर्च में गुड फ्राइडे के अनुष्ठान में प्रभु यीशु की आराधना सभा का आयोजन किया गया। रांची से आए बिशप बीबी बास्के ने प्रभु यीशु के आखिरी 7 वचनों के बारे में उदबोधन दिया। उन्होंने कहा प्रभु यीशु का पहला वचन था हे परम पिता, इन्हें क्षमा कर, क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं। उन्होंने स्वयं के बलिदान से हमें पाप व अनंत दंड से मुक्त किया है। उन्होंने एक-एक करके सातों वचन का उदबोधन दिया। मुख्य अनुष्ठाता ने कहा कि प्रभु यीशु ने सबके लिए बलिदान दिया। उस बलिदान को याद कर प्रेम व शांति के साथ जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। पादरी संजीत खलको ने कहा कि क्रूस से ही मुक्ति मिलती है। अत: सभी को इसकी पूजा करनी चाहिए। मौके पर जूलियस गिद्ध, अलबन खाखा, सुनील नाग, सुधा कच्छप, अनिल बाखला, जितेंद्र खलको, अंजली किस्पोट्टा, सुनील तिर्की, हीरामणि तिर्की, अगस्तूस बाखला, सन्नी जान आदि मौजूद थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।