The smell is so bad that people put a handkerchief on their nose बोले हजारीबाग : बदबू इतनी कि नाक पर रूमाल रख जाते हैं लोग, Ranchi Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़रांचीThe smell is so bad that people put a handkerchief on their nose

बोले हजारीबाग : बदबू इतनी कि नाक पर रूमाल रख जाते हैं लोग

  • हुरहुरू का पूरा इलाका बुनियादी समस्याओं से घिरा है। तंग गली, बजबजाती नाली, टूटी सड़क, गंदगी और बदबू इसकी पहचान बन गई है। वार्ड में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोग दो किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।

Rakesh Singh लाइव हिन्दुस्तानFri, 4 April 2025 07:03 PM
share Share
Follow Us on
बोले हजारीबाग : बदबू इतनी कि नाक पर रूमाल रख जाते हैं लोग

हजारीबाग। हजारीबाग के हुरहुरू वार्ड 35 में कई बुनियादी सुविधाएं नहीं है। वार्ड तो बना दिया पर व्यवस्था देने में पीछे छूट गए। इस मुहल्ले में लोगों की बड़ी आबादी रहती है। इलाके में सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं है। वार्ड 35 के इन इलाके में इतनी तंग गलियां है कि इन गलियों में ट्रैक्टर, नगर निगम की सफाई गाड़ी, चार चक्का वाहन नहीं घुस पाता है। साथ ही अगर इलाके में किसी को अपना सेफ्टिक टैंक खाली करवाना हो तो भी परेशानी होती है। बोरिंग की बड़ी गाड़ी इस इलाके में नहीं घुस पाती है। इसलिए इस इलाके में चापानल की बहुत कमी है। इलाके में नगर निगम की सफाई गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। नालियों की सफाई भी नियमित रूप से नहीं की जाती। इससे हमेशा बदबू आता है। साथ ही बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। यहां सफाई के लिए कोई कर्मचारी नहीं आते हैं। कुछ लोग मजबूरी में अपनी जेब से पैसे खर्च कर इसकी सफाई करवाते हैं। लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। वार्ड 35 के सभी इलाकों में तंग गलियां बनी हुई है। इन इलाकों में चार चक्का वाहन ले जाना संभव है। ऐसे में यहां रह रहे हैं लोगों को अगर चापानल नहीं लगने की वजह से पानी की समस्या हमेशा बनी रहती है। नगर निगम को पहल कर चाहिए कि इस इलाके में जगह-जगह पर कुछ चापानल लगा दिए जाए, जिससे यहां के लोगों को पानी की समस्या का समाधान हो सकेंगा।

वार्ड 35 के इस इलाके का प्रमुख तालाब, जो छठ पूजा जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण है, अब गंदे पानी और कचरे से भरा है। इससे जल प्रदूषण बढ़ रहा है और धार्मिक दृष्टि से भी यह तालाब अपवित्र हो गया है। क्षेत्र में नालियां तो बनाई गई है, लेकिन इनमें स्लैब नहीं लगाए गए। इससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय वाहन चालक और राहगीर इन नालियों में गिरकर घायल हो जाते हैं। बरसात के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि तब नालियों का पानी सड़क पर बहने लगता है। इससे सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।

हुरहुरू वार्ड 35 सड़कों की हालत भी बेहद खराब हो चुकी है। बारिश के दिनों में सड़कों पर पूरी तरह पानी जमा हो जाता है। लोगों का कहना है कि कई वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। वहीं क्षेत्र के लोग जलसंकट की समस्या से भी जूझ रहे हैं। यह नल से जल नहीं आता है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इलाके में अधिकतर लोग चापाकल पर निर्भर हैं, लेकिन इस इलाके में बहुत कम चापानल लगाया गया है। आने वाले गर्मी के दिनों में यह समस्या और विकराल हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार इसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

वहीं बिजली की स्थिति भी दयनीय है। गर्मी आने से पहले बिजली की स्थिति खराब हो गई है। मरम्मत के नाम पर दिनभर तो लाइन नहीं रहता और रात में भी लाइन काट दिया जाता है। इलाके के लोगों को बिजली की समस्या से काफी परेशानी होती है। गर्मियों में बिजली की कटौती से आम जीवन काफी प्रभावित होता है। लोगों का कहना है कि सफाई गाड़ियां नियमित रूप से भेजी जाएं, क्लिनिक में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, तालाब को जलकुंभियों ने घेर रखा है, खुली नालियों पर स्लैब लगाए जाएं, सड़कों की मरम्मत की जाए, पानी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और बिजली के खुले तारों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।

तालाब में गिरता है नालियों का पानी दुर्गंध से होती है लोगों को परेशानी

हुरहुरू वार्ड 35 में स्थित तालाब बुरी स्थिति है। इस तालाब के दोनों तरफ बने मकानों से नालियों का गंदा पानी सीधे तालाब में जाता है। इसे पूरा जलस्रोत में संक्रमण हो गया है। इसमें नहाने से लोगों को खुजली और अन्य बीमारियों का संक्रमण फैल रहा है। इस तालाब को जलकुंभियों ने भी घेर रखा है जो बहुत खतरनाक है। इस तालाब में नालियों का पानी जाने से बंद करना होगा। साथ ही इसके दूषित पानी को भी साफ करना होगा।

नालियों की िनयमित सफाई नहीं होने से बढ़ गया है मच्छरों का प्रकोप

हुरहुरू वार्ड 35 के लोग नाली की समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहां मोहल्ले में सटे सटे घर बने होने की वजह से नाली नहीं बनाई गई। नालियों की समस्या की वजह से वहां के लोग गंदगी में रहने को मजबूर हैं। वार्ड पार्षद चुनाव नहीं होने से नगर निगम वार्डों में बढ़िया से साफ सफाई नहीं कर रहे हैं। इस मोहल्ले में जो भी नाली बनी हुई है वह बिना कर का है जिससे गंदगी नालियों में फंस जाती है। नालियों में ब्लॉकेज रखने से गंदगी के साथ-साथ दुर्गंध की समस्या बनी रहती है।

पक्की सड़क नहीं होने से आवागमन में होती है रहवासियों को परेशानी

हुरहुरू वार्ड 35 के रविदास मोहल्ला के नीचे कई गलियारे में पीसीसी सड़क नहीं बनी हुई है। उसे पीसीसी सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। इस इलाके में करीब 100 से ऊपर लोगों ने घर बनाया है उसके बाद भी सड़क के साथ-साथ बिजली और पानी की सुविधा भी नहीं है। निगम को बिजली पानी और सड़क की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही इन इलाकों में घरों का गंदा पानी मैदान में बहता है जिससे गंदगी और संक्रमण का डर बना रहता है।

नहीं है चापानल, होती है परेशानी

वार्ड 35 के लोगों को पानी के लिए दो किलोमीटर दूर सुबह उठकर जाना पड़ता है और पानी भरकर लाना पड़ता है। कारगिल पेट्रोल पंप के समीप स्थित नल से वार्ड 35 के लोग पानी भरते हैं। पीने का पानी कि उनके वार्ड में बहुत अधिक समस्या है। इस क्षेत्र के लोग सुबह से ही पानी की जुगाड़ में लग जाते हैं। इसके बाद वे अपने-अपने काम पर निकलते हैं। इस इलाके में चापानल की संख्या बहुत कम है इसलिए लोगों को पानी की किल्लत बनी रहती है। इससे उन्हें परेशानी होती है।

इनकी भी सुनिए

उनके संज्ञान में यह मामला नहीं है कि वार्ड 35 में अच्छे से सफाई नहीं की जा रही है। अगर ऐसा हो रहा है कि वह नगर जमादार को इस बात के लिए जरूर बोलेंगे। साथ है उन्होंने इन समस्याओं से लोगों को निजात दिलाएंगे। पानी की समस्याओं को लेकर मरम्मत करवाने की बात कही है।

-विपिन कुमार, सहायक नगर आयुक्त

बिजली विभाग का टेंडर खत्म होने की वजह से कवर तार नहीं लग पा रहा है। चापानल खराब होने की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर उसकी मरम्मत कराने की कोशिश की जाएगी। वार्ड में बिजली, पानी गंदगी, सफाई की समस्या का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सड़क की मरम्मत करवाने के लिए पहल करेंगे।

-सुबोध कुमार, वार्ड पार्षद 35

लोगों ने कहा - बिजली व्यवस्था को िकया जाए दुरुस्त

हुरहुरू वार्ड 35 में सफाई की स्थिति बदतर हो गई है। नगर निगम की गाड़ियां नहीं आती, इससे जगह-जगह कचरा जमा हो गया है। नगर निगम को इस क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था करनी चाहिए।

-मो कलीम

इलाके में पानी की भारी किल्लत है। सप्लाई नल से पानी नहीं आता और चापानल भी खराब पड़ा हैं। गर्मी में हालात और खराब हो जाती है। नगर निगम को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

-राम कुमार राम

सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। गड्ढों के कारण पैदल चलने में हुई परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़कों की स्थिति और खराब हो जाती हैं, इससे दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। अब तक कोई काम नहीं हुआ है।

-श्याम सुंदर प्रसाद

हुरहुरू का तालाब पूरी तरह से गंदा हो चुका है। आसपास की नालियों का गंदा पानी तालाब में गिर रहा है, इससे इसका पानी प्रदूषण हो गया है। छठ पूजा जैसे पावन पर्व के लिए यह तालाब बहुत जरूरी है।

-गोविंद राम

लोगों को सुबह उठकर करीब दो किलोमीटर दूर कारगिल पेट्रोल पंप के आसपास से पीने का पानी बाल्टी में भरकर लाना पड़ता है। तंग गली होने के कारण बोरिंग भी नहीं कराई जा सकती है।

-उमेश पासवान

गर्मी आने से पहले बिजली की स्थिति खराब हो गई है। मरम्मत के नाम पर दिनभर तो लाइन नहीं रहता और रात में भी लाइन काट दिया जाता है। लोगों को बिजली की समस्या से काफी परेशानी होती है।

-उमेश साव

नालियों पर स्लैब नहीं लगाए गए हैं। राहगीर और वाहन चालक रात के अंधेरे में नाली में गिरकर घायल हो जाते हैं। बारिश में यह समस्या और बढ़ जाती है। प्रशासन को जल्द से जल्द नालियों पर स्लैब लगवाना चाहिए।

-प्रेम कुमार

इस इलाके में तंग गलियाें के कारण लोगों को चार चक्का वाहन बाहर लगाना पड़ता है। वाहन बाहर लगाने से चोरी होने का खतरा बना रहता है। तंग गली से एंबुलेंस भी इस इलाके में नहीं आ सकती है।

-शिव कुमार

नालियों की सफाई नहीं होने के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नगर निगम को फॉगिंग और दवा छिड़काव करवाना चाहिए ताकि बीमारियों को रोका जा सके।

-पवन कुमार

पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में नालियों का पानी सड़कों पर बहता रहता है। नाली में ढक्कन लगे ताकि नालियों से बदबू और गंदगी बरसात के दिनों में बाहर न निकले।

-संतोष कुमार

सफाईकर्मी नहीं आते हैं, इससे इलाके में गंदगी बढ़ जाती है। लोग गंदगी और बदबू में जीने को मजबूर हैं। तालाब की सफाई जरूरी है। लोग घर का कचरा तालाब में फेंक देते हैं।

-दीपक कुमार

समयाएं

1. नगर निगमकर्मी डंप कचरे को नहीं उठाते हैं इससे बीमारी होने की संभावना बनी रहती है।

2. नालियों की सफाई अच्छे तरीके से नहीं होती है, जिससे नालियों का पानी सड़क पर बहता है।

3. बिजली के नंगे तारों को बिजली सप्लाई होने से दुर्घटना की बनी रहती है संभावना।

4. पीसीसी सड़क नहीं होने से होती है परेशानी।

5. तालाब में बढ़ रहे जलकुंभियों से होती है परेशानी। तालाब में किसी के गिरने पर जलकुंभी में फंसकर मौत हो सकती है।

सुझाव

1. कई इलाकों में नंगे बिजली तार का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसे बदलने की जरूरत है।

2. नाली में ढक्कन नहीं लगाया गया है जिससे गंदगी फैलती है उसे लगाने की आवश्यकता है।

3. हुरहुरू वार्ड 35 में तंग गलियों के कारण नगर निगम की गाड़ी, एंबुलेंस नहीं आ पाती है।

4. इस इलाके में अधिकतर चापानल खराब है, जिसे मरम्मत कराने की जरूरत है।

5. यहां निगम की ओर चापानल लगाने की जरूरत है, जिससे लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।