हत्या के बदले हत्या! झारखंड में BJP नेता को क्यों मार दी गोली? सामने आई वजह
- बुधवार को रांची में हुए हत्याकांड को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। हत्या के आरोप में पकड़े गए एक बदमाश ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या का कारण भी बताया है।

बुधवार को झारखंड के रांची में दर्दनाक घटना सामने आई। यहां बदमाशों ने बीजेपी नेता अनिल महतो टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद भाग रहे बदमाशों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब बदमाश ने हत्या के पीछे के मकसद का खुलासा किया है। हत्या करने वाले बदमाश ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया और बताया कि उसने अनिल महतो टाइगर को गोली क्यों मारी। आइए जानते हैं...
हत्या का बदला हत्या?
रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि वारदात में शामिल एक अपराधी पुंदाग निवासी रोहित वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि लोहरदगा के कुड़ू बस स्टैंड में सुभाष जायसवाल की हत्या में अनिल की संलिप्तता थी। इसलिए प्रतिशोध में उसे मार डाला। ऐसे में माना जा रहा है कि बदमाशों ने बदले की आग में अनिल महतो की हत्या की है। एसएसपी रांची चंदन सिंह ने बताया कि फरार अपराधी की पहचान अमन सिंह के रूप में की गई है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीछे से सिर में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, अनिल टाइगर होटल में एक युवक के साथ बातचीत कर रहे थे। वह युवक वहां 20-25 मिनट रहा। उसके जाने के बाद टाइगर अपना मोबाइल देखने लगे। इसी बीच वहां बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और पीछे से टाइगर के सिर में गोली मार दी और भाग गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। जमीन पर पड़े टाइगर को लोगों ने उठाया और आनन-फानन में रिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आजसू में भी रह चुके थे अनिल
अनिल टाइगर लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे। भाजपा से पहले वे आजसू में थे और कई पदों की जिम्मेवारी निभा चुके थे। वहीं दो दिन पहले वे पांचवीं बार कांके महावीर मंडल के अध्यक्ष चुने गए थे। वरीय संरक्षक टीके सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में महावीर मंडल का पुनर्गठन किया गया था।