पेट से क्यों आती है 'गुड़गुड़' की आवाज? जानें कब होता है डॉक्टर को दिखाना जरूरी
पेट में होने वाली इस गुड़गुड़ की आवाज सुनाई देते ही सबसे पहला सवाल जो मन में आता है वो है- इन आवाजों के पीछे की असल वजह क्या है? कई लोग इसके पीछे पाचन तो कुछ भूख को वजह मानते हैं। अगर आप भी इस सवाल का सही जवाब जानना चाहते हैं तो पढ़ें ये खबर।

कई बार अचानक बैठे-बैठे पेट से गुड़गुड़ की आवाजें आनी शुरू हो जाती हैं। हो सकता है ऐसा आपके साथ भी कई बार हुआ हो। पेट से आने वाली ये आवाजें कई बार आपके लिए शर्मिंदगी का कारण तक बन जाती हैं, जिन्हें आप चाहकर भी रोक नहीं पाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि यह एक इनवॉलुएंटी रिएक्शन है, जिसपर व्यक्ति का कोई कंट्रोल नहीं होता है। पेट में होने वाली इस गुड़गुड़ की आवाज सुनाई देते ही सबसे पहला सवाल जो मन में आता है वो है- इन आवाजों के पीछे की असल वजह क्या है? कई लोग इसके पीछे पाचन तो कुछ भूख को वजह मानते हैं। अगर आप भी इस सवाल का सही जवाब जानना चाहते हैं तो पढ़ें ये खबर।
पेट से क्यों आती है 'गुड़गुड़' आवाज ?
पेट से आने वाली गुड़गुड़ की आवाज, सामान्य शारीरिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकती हैं। ये आवाजें कई कारणों से आ सकती हैं, जो पाचन तंत्र की गतिविधियों से संबंधित होती हैं। हालांकि, कुछ मामलों में यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकती है। आइए जानते हैं इसके पीछे छिपे कारण।
पेट से आवाज आने के पीछे के कारण
पाचन प्रक्रिया
पेट और आंतों में भोजन को पचाने की प्रक्रिया के दौरान, गैस, भोजन और तरल पदार्थों के पाचन तंत्र से गुजरने के कारण ये आवाजें सुनाई देती हैं। जिसे 'बोरबोरीग्मी' (borborygmi) कहा जाता है। बता दें, आंतों की मांसपेशियां भोजन और गैस को छोटी आंत और बड़ी आंत में आगे बढ़ाने के लिए सिकुड़ती हैं, जिससे पेट से आवाजें आने लगती हैं।
भूख
पेट खाली होने पर मस्तिष्क पाचन तंत्र को भोजन की प्रतीक्षा के लिए सिग्नल भेजता है। इससे आंतों में संकुचन होता है, जिसे पेरिस्टालसिस कहते हैं। यह पेट से गुड़गुड़ की आवाज आने का कारण बनता है। यह भूख लगने का भी संकेत हो सकता है।
गैस का जमाव
भोजन के साथ हवा निगलने, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स पीने, या कुछ खाद्य पदार्थों (जैसे बीन्स, गोभी, या डेयरी उत्पाद) के पचने से शरीर में गैस बनती है। यह गैस आंतों में हिलने पर आवाज पैदा करती है।
पाचन संबंधी समस्याएं
कुछ स्वास्थ्य समस्याएं जैसे इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS), गैस्ट्रोएंटेराइटिस, या फूड इंटॉलरेंस (जैसे लैक्टोज इंटॉलरेंस) के कारण भी पेट से असामान्य आवाजें आ सकती हैं। इन आवाजों के साथ दर्द, सूजन, या दस्त जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं।
तनाव या चिंता
तनाव या चिंता पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकती है, जिससे आंतों की गति बढ़ जाती है और पेट में आवाजें आती हैं। यह 'गट-ब्रेन एक्सिस' के कारण होता है, जहां मानसिक तनाव शारीरिक लक्षणों को ट्रिगर करता है।
पेट की आवाज को कम करने के उपाय
धीरे-धीरे खाएं
भोजन को जल्दी-जल्दी निगलने से बचें। भोजन हमेशा अच्छी तरह चबाकर खाएं ताकि भोजन के साथ हवा कम निगली जाए।
हाइड्रेशन
पर्याप्त पानी पीएं, क्योंकि यह पाचन को सुचारू रखता है।
गैस पैदा करने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें
फलियां, ब्रोकोली, और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन कम करें।
छोटे-छोटे मील
एक साथ खूब सारा भोजन करने की जगह दिन में कई बार थोड़ा-थोड़ा खाएं ताकि पाचन तंत्र पर दबाव न पड़े।
तनाव प्रबंधन
योग, ध्यान, या गहरी सांस लेने की तकनीक तनाव को कम कर सकती हैं।
कब जाएं डॉक्टर के पास?
यदि पेट से लगातार आवाजें सुनाई देने के साथ पेट में तेज दर्द या ऐंठन, उल्टी या दस्त, वजन घटना और बुखार या सूजन जैसे लक्षण महसूस हो रहे हों तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।