भोजपुरी स्टार खेसारी लाल ने दिल्ली सीएम का सुझाया नाम, जानिए किसे बताया बिहारियों की पहली पसंद?
- ऐसे में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल का सुझाव सामने आया है। खेसारी लाल ने कहा कि अगर इन्हें दिल्ली का सीएम बनाया जाता है तो बिहारियों और पूर्वांचलियों के लिए इससे बड़ा अवसर नहीं हो सकता।

2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज कर ली है। भाजपा ने यह चुनाव पीएम मोदी के चेहरे को आगे रखते हुए लड़ा था। उसने सीएम चेहरे का खुलासा नहीं किया था। अब जीत के बाद सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है कि अगला सीएम कौन होगा। ऐसे में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल का सुझाव सामने आया है। खेसारी लाल ने कहा कि अगर इन्हें दिल्ली का सीएम बनाया जाता है तो बिहारियों और पूर्वांचलियों के लिए इससे बड़ा अवसर नहीं हो सकता। आइए जानते हैं खेसारी लाल ने किसका नाम सुझाया और क्या कुछ कहा।
खेसारी लाल यादव ने दिल्ली के सीएम चेहरे को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मनोज भइया अगर सीएम बनते हैं, तो इससे ज्यादा बड़ी खुशी बिहार के लिए और क्या हो सकती है। खेसारी ने कहा कि ये तो हम बिहारियों के लिए सबसे बड़ी गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हम लोग को तो और भी खुशी होगी, क्योंकि हम लोग भी आगे चलकर सोच सकते हैं कि हम भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
खेसारी लाल ने कहा कि मनोज भइया हमेशा हम लोगों को रास्ता दिए हैं। कलाकार जाति इससे और भी ज्यादा खुश होगी, क्योंकि एक कलाकार मुख्यमंत्री बनेगा। खेसारी लाल ने कहा कि मनोज भइया अगर सीएम बनते हैं तो इससे बड़ा अवसर हम बिहारियों और पूर्वांचलियों के लिए नहीं हो सकता।
आपको बता दें कि इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली का अगला सीएम नवनिर्वाचित 48 विधायकों में से ही चुना जाएगा। सूत्रों के हवाले से ऐसा सामने निकलकर आ रहा है कि कोई महिला चेहरा दिल्ली का सीएम हो सकता है। इस तरह अगर देखें तो दिल्ली में भाजपा की कुल 4 महिलाएं विधायक बनी हैं। रेखा गुप्ता, शिखा राय, पूनम शर्मा और नीलम पहलवान।