विनय नरवाल के परिवार से मिल छलक गए रेखा गुप्ता के आंसू,कैमरे पर इमोशनल दिखीं CM
- वीर नेवी जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए कतार में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी थीं। यह मंजर देख उनकी भी आंखों से आंसू आ गए। रेखा गुप्ता ने अपने एक्स हैंडल पर जो तस्वीरें डाली हैं,उसमें उनकी आंखें नम हैं।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद वो तस्वीर आपने भी देखी होगी। जमीन पर बेसुध पड़ा एक शख्स और पास बैठी एकटक निहारती उसकी पत्नी। जिसने भी यह तस्वीर देखी,उसका कलेजा मानो फट कर बाहर आ जाएगा। यह तस्वीर उन 28 बेगुनाहों में से एक लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की थी। आज जब भारतीय नौसेना के वीर अधिकारी लेफ्टिनेंट का शव कश्मीर से दिल्ली लाया गया, तो फिर एक बार सबकी आंखें नम हो गईं। वीर नेवी जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए कतार में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी थीं। यह मंजर देख उनकी भी आंखों से आंसू आ गए। रेखा गुप्ता ने अपने एक्स हैंडल पर जो तस्वीरें डाली हैं,उसमें उनकी आंखें नम हैं।
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नेवी के अफसर लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के शव को देख उनकी पत्नी सहित पूरा परिवार इमोशनल था। बेटा-भाई और पति के रूप में परिवारवालों ने विनय को खोया है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे विनय के शव को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पहुंची थीं। रेखा गुप्ता ने अपने एक्स हैंडल से लिखा कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पूरा देश आहत और आक्रोशित है। आज इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा,नई दिल्ली पर पहुंचकर,पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय नौसेना के वीर अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि यह देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें। इसके साथ रेखा गुप्ता ने तीन तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। एक फोटो में रेखा गुप्ता दिवंगत विनय की पत्नी का ढांढ़स बंधाते दिख रही हैं,दूसरी फोटो में वह नम आंखों से खड़ी हैं। उनके बगल में दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेवा भी खड़े हैं। तीसरी तस्वीर में वह विनय की मां से बात करती दिखीं,तब भी उनकी आंखों में आंसू थे।