दिल्ली के हुक्का बार क्लब पर देर रात चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, देखें वायरल VIDEO
दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र के ब्लैक पैंथर हुक्का बार क्लब में देर रात को ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना हुई। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। सूत्रों ने बताया कि प्रीत विहार थाना क्षेत्र के ब्लैक पैंथर हुक्का बार क्लब में देर रात को ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई। इसे लेकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद पीसीआर कॉल नहीं आई। क्लब ने फोन पर पीएस को गोलीबारी के बारे में जानकारी दी। पुलिस वारदात की छानबीन कर रही है।
बता दें कि प्रीत विहार क्षेत्र में सैकड़ों क्लब अवैध रूप से सुबह 4 बजे तक चलते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन क्लबों में पैसे लेकर नाबालिकों हुक्का भी परोसा जाता है। अश्लीलता को परोसने के लिए विशेष नाइट भी आयोजित की जाती है। ये पार्टियां सुबह 4 बजे तक चलती हैं। आरोप है कि इन बार में मानकों का पालन नहीं किया जाता। अपराधी प्रवृत्ति के लोग नशे में चूर होकर इन क्लबों के बाहर सड़कों पर हुड़दंग करते हैं।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बार क्लब में कुछ कर्मचारी एंट्री प्वाइंट पर नजर आते हैं। इसी बीच एक शख्स सड़क पर नजर आता है। यह शख्स आता है और बार के सामने रुक कर पिस्टल या किसी बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग करने लगता है। ताबड़तोड़ फायरिंग के कारण बार के कर्मचारी गेट से भाग कर जान बचाते हैं। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि वह घटना की छानबीन कर रही है।
इस बीच दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में शनिवार को लूट का विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित से साढ़े नौ हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। पीड़ित ने अपने एक जानकार पर लूट का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय फरदीन नेहरू विहार में रहता है। वह सिलाई का काम करता है। शनिवार रात उसके जानकार फैयाज ने कॉल कर बृजपुरी बुलाया। वहां पहुंचने पर फैयाज ने उससे रुपये लूटने की कोशिश की। विरोध पर चाकू से हमला कर रुपये लूट लिए।