गाजियाबाद में 100 करोड़ से यहां बनेगा नगर निगम का नया हेड क्वार्टर, 5 मंजिला भवन में क्याहोगा खास
गाजियाबाद के अर्थला में नगर निगम का पांच मंजिला नया मुख्यालय बनाने की वित्त समिति ने मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल निगम का मुख्यालय नवयुग मार्केट स्थित जीडीए की बिल्डिंग में है।

गाजियाबाद के अर्थला में नगर निगम का पांच मंजिला नया मुख्यालय बनाने की वित्त समिति ने मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल निगम का मुख्यालय नवयुग मार्केट स्थित जीडीए की बिल्डिंग में है। इसके बेसमेंट में डूडा और कंट्रोल रूम है। तीन मंजिल में निगम अधिकारी और कर्मचारी बैठते हैं। शेष दो मंजिल में दूसरे विभाग के अधिकारी बैठते हैं।
सदन की बैठक में 100 चुने गए पार्षद और 10 नामित पार्षद आते हैं। सदन कक्ष छोटा होने के कारण पार्षद और अधिकारियों को दिक्कत रहती है। निगम ने पांच मंजिला नया मुख्यालय बनाने की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेजी थी। प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने डीपीआर को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद प्रस्ताव शासन की वित्त समिति के पास गया। वित्त समिति ने भी प्रस्ताव मंजूर कर लिया।
बता दें कि अर्थला में निगम का मुख्यालय बनने के बाद इंदिरापुरम और ट्रांस हिंडन के लोगों को अधिक लाभ मिलेगा। वहां से लोगों को अभी नवयुग मार्केट तक आना पड़ता है।
नए भवन में क्या-क्या होगा
बताया गया कि नए भवन का डिजाइन तैयार करा लिया गया है। ग्राउंड फ्लोर से पांच मंजिल का भवन होगा। 21064 वर्ग मीटर में निर्माण कराया जाएगा। 1746 वर्ग मीटर में इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। वहीं, 1000 वर्ग मीटर में वर्कशॉप बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसमें बड़ी पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग बनने से वाहन खड़ा करने की दिक्कत नहीं होगी। मौजूदा मुख्यालय में पार्किंग की दिक्कत है।
मोहननगर जोनल कार्यालय भी बनाया जाएगा
निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि निगम के नए मुख्यालय का निर्माण सीएंडडीएस से कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। उन्होंने बताया कि मोहननगर जोनल कार्यालय भी बनाया जाएगा। इसकी मंजूरी मिल गई है। विजयनगर जोनल कार्यालय का काम चल रहा है। विजयनगर जोनल कार्यालय जर्जर भवन में था। इसमें अधिकारी और कर्मचारियों का बैठना मुश्किल हो रहा था। विजयनगर जोनल कार्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त, ''नगर निगम का नया मुख्यालय अर्थला में बनाया जाएगा। इसकी वित्त समिति से मंजूरी मिल गई है। मुख्यालय में पार्षद कक्ष भी बनाया जाएगा। सभी प्रकिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।''