imd alert for rain thunderstorm with gusty winds in delhi recorded above 41 deg c temp दिल्ली में 41°C का टॉर्चर, 3 वेदर सिस्टम देंगे राहत; तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर Newsimd alert for rain thunderstorm with gusty winds in delhi recorded above 41 deg c temp

दिल्ली में 41°C का टॉर्चर, 3 वेदर सिस्टम देंगे राहत; तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी

Delhi Mausam: दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही उमस देखी गई जिससे लोगों को परेशानी हुई। IMD की मानें तो जल्द मौसम बदल सकता है।

Krishna Bihari Singh हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 21 May 2025 12:58 AM
share Share
Follow Us on
दिल्ली में 41°C का टॉर्चर, 3 वेदर सिस्टम देंगे राहत; तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक बार फिर बढोतरी दर्ज की गई। दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इसके साथ ही उमस के चलते लोग परेशान रहे।

बदलेगा मौसम

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। तापमान में भी कमी होने की संभावना है। अगले तीन दिन दिल्ली में हल्की गरज-चमक और धूल भरी आंधी के लिए थोड़े अधिक अनुकूल रहेंगे।

नमी बढ़ेगी

हवा की दिशा पूर्वी हो जाएगी जिससे नमी बढ़ेगी और वातावरण में अधिक नमी रहेगी। 25 मई (रविवार) से इस प्रकार की गतिविधियों की तीव्रता और फैलाव अधिक हो सकता है। राजधानी में मंगलवार को पांच जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक लू की संभावना से इंकार किया है।

मामूली प्री-मानसून गतिविधि

मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काई मेट के अनुसार पिछले सात दिनों में दिल्ली में मामूली प्री-मानसून गतिविधि देखी गई। इस दौरान बारिश न के बराबर रही, अधिकतम तापमान सामान्य रूप से 40 डिग्री सेल्सियस से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। नमी बढ़ने के साथ आसमान साफ रहा।

गरज-चमक और धूल भरी आंधी के संकेत

मौसम विज्ञान के अनुसार, सप्ताह के बाकी दिनों में भी हल्की-फुल्की प्री-मानसून गतिविधियां संभव हैं, जैसे कि गरज-चमक और धूल भरी आंधी। लेकिन यह बहुत ही कम समय के होगी और तीव्रता भी बहुत कम रहेगी। 24 मई (शनिवार) तक दिल्ली में कोई भारी वर्षा या तेज तूफान की संभावना नहीं है।

तीन वेदर सिस्टम एक्टिव

दिल्ली के नजदीक दो निम्न स्तर के छोटे चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन ) सक्रिय हैं। जिसमें एक उत्तर पंजाब और मध्य पाकिस्तान में और दूसरा दक्षिण हरियाणा, पूर्वोत्तर राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में स्थित है। इन दोनों के बीच एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ बन रही है, जो दिल्ली के करीब से होते हुए बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। यह ट्रफ सप्ताह के अंत तक सक्रिय रहेगी।

आंधी बारिश के आसार

इस सिस्टम का मुख्य असर इंडो-गंगा के मैदानों में दिखाई देगा, जबकि दिल्ली इसकी सीमाओं पर रहेगी। इसलिए दिल्ली में कोई व्यापक या तीव्र मौसम परिवर्तन नहीं दिखेगा। फिर भी दिन की गर्मी से उठने वाले ऊंचे बादल स्थानीय स्तर पर गरज और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी ला सकते हैं। यह गतिविधियां शाम के समय होने के आसार हैं।

गर्मी की स्थिति और तापमान

दिल्ली में मई महीने में लू (हीट वेव) की संभावना नहीं है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास नियंत्रित रहेगा। पूरे महीने में लू से राहत रहने की संभावना है। सफदरजंग मौसम केंद्र ने 16 मई 2025 को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो मई महीने का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।