सिख दंगा पीड़ितों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। यह समारोह दिल्ली सचिवालय में आयोजित हुआ, जिसमें कैबिनेट मंत्री और पीड़ित...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस भावनात्मक समारोह में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और पीड़ित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 1984 के दंगे भारत के इतिहास का एक दुखद अध्याय हैं। इनमें अपनों को खोने वालों के दर्द की कोई भरपाई नहीं हो सकती। यह नियुक्तियां केवल नौकरियां नहीं, बल्कि 40 साल के संघर्ष के बाद न्याय और सम्मान का प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि 125 परिवारों के लिए नौकरियां स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 19 लोग अपनी सेवाएं शुरू कर रहे हैं। यह कदम पीड़ितों की गरिमा और अधिकारों की बहाली का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कश्मीरी विस्थापित परिवारों के लिए हरसंभव सहायता और इमरजेंसी में लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वालों को सम्मान देने का भी वादा किया। कोविड पीड़ित परिवारों के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है। वहीं, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे व्यक्तिगत जीत बताते हुए कहा कि यह न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम है। पहले की सरकारों ने पीड़ितों को अनदेखा किया, लेकिन हमारी सरकार ने 100 दिनों में वह कर दिखाया, जो दशकों में नहीं हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।