5 साल का बेटा गोद में रोता रहा, 6 घंटे समझाने पर भी पति संग रहने को राजी नहीं दामाद संग भागी सास
- यूपी के अलीगढ़ में अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हुई सास के लौटने के बाद 6 घंटे समझाने पर भी पति संग रहने को राजी नहीं है। थाने में महिला के दोनों बेटे व बेटी भी पहुंची थी। वहां पांच वर्षीय छोटा बेटा मां की गोद में जाकर रोते हुए बेसुध हो गया। फिर महिला जिद पर अड़ी।

यूपी के अलीगढ़ में अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हुई सास के लौटने के बाद गुरुवार को छह घंटे तक उसे मनाने का दौर चला। पति ने कहा कि वह उसे अपनाने को तैयार है। लेकिन, वह पति के साथ रहने को राजी नहीं हुई। बोली कि वह होने वाले दामाद के साथ ही रहना चाहती है। थाने में महिला के दोनों बेटे व बेटी भी पहुंची थी। वहां पांच वर्षीय छोटा बेटा मां की गोद में जाकर रोते हुए बेसुध हो गया। इसके बावजूद मां अपनी जिद पर अड़ी रही। कहा कि कुछ भी हो जाए। वह घर नहीं जाएगी। उसने पति को खूब खरी-खरी भी सुनाईं। अंत में पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
मडराक के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता दादों के युवक से हुआ था। 16 अप्रैल को शादी होनी थी। लेकिन, इससे पहले ही छह अप्रैल को 38 साल की सास सपना 20 साल के होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई। दोनों के बीच फोन पर बातें होती थीं। महिला की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। आरोप था कि सास घर से बेटी की शादी के लिए बने पांच लाख रुपये के जेवरात और साढ़े तीन लाख रुपए भी ले गई। पुलिस के दबाव के चलते 10 दिन बाद बुधवार को दोनों खुद ही वापस आ गए। दोनों बिहार व नेपाल बॉर्डर तक पहुंच गए थे। महिला ने आरोप लगाया कि पति नशे में मारपीट करता था। रुपयों के लिए तंग करता था। दामाद से बात करने के दौरान वह शक करता था। इससे परेशान होकर गई थी। लेकिन, अब वह राहुल के साथ ही रहना चाहती है। रात में महिला को वन स्टॉप सेंटर भिजवा दिया गया। गुरुवार सुबह करीब 12 बजे गांव से ट्रैक्टर में भरकर कई लोग थाना मडराक पहुंचे। पुलिस ने महिला को भी बुलवा लिया। इसके बाद मीटिंग हॉल में बातचीत शुरू हुईं।
सीओ इगलास महेश कुमार केे अनुसार बरामद हुई महिला व उसके पति एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पारिवारिक विवाद होने के चलते इनकी काउंसलिंग भी कराई गई। लेकिन, कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। अब महिला के बयान कराए जाएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
युवक ने कहा- महिला के निर्णय के साथ
सास के साथ भागे युवक राहुल को पुलिस ने हवालात में बिठा रखा है। उसने पूछताछ में कहा है कि वह महिला के निर्णय के साथ है। अगर वह अपने पति के साथ जाना चाहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है। अगर वह राजी नहीं हैं तो वह उन्हें साथ रखने को भी तैयार है।
गांव की महिलाओं ने भी समझाया सपना को
शुरुआत में पति पक्ष ने चोरी का आरोप लगाया। बाद में महिलाओं ने सपना को समझाना शुरू कर दिया। उससे कहा कि गलती हो जाती है। अब वह बच्चों की खातिर घर लौट चले। उसके सामने बच्चों को भी लाया गया। लेकिन, उसने किसी की नहीं सुनी।
पति का आरोप बरगला कर ले गया युवक
पति ने ये तक कह दिया है कि वह उसे साथ रखने को तैयार है। बर्शते उसके जेवर व रुपये लौटाए जाएं। साथ ही आरोप लगाया कि युवक ही महिला को बरगलाकर ले गया था। वह पहले भी इसी तरह महिलाओं को गुमराह करके उनके जेवरात व रुपये हड़प चुका है। उसने कहा कि महिला उसके जेवर व रुपये ले गई थी, जो वापस नहीं मिले हैं। उधर, महिला ने जेवर व रुपये ले जाने से इन्कार किया है।