निजी कंपनी के कर्मचारी कचरा बीनकर बेचते पकड़े गए
Lucknow News - नगर निगम की सफाई कंपनी के कर्मचारी सफाई के बजाय प्लास्टिक कचरा बटोरने और उसे बेचने का काम कर रहे थे। जोनल अधिकारी मनोज कुमार ने निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को प्लास्टिक कचरा बटोरते हुए पकड़ा। दोनों...

नगर निगम की सफाई कंपनी के कर्मचारी सफाई के बजाय प्लास्टिक कचरा बटोरने और उसे बेचने का कारोबार कर रहे हैं। शुक्रवार को नगर निगम जोन छह के जोनल अधिकारी मनोज कुमार को निरीक्षण के दौरान दौरान लायन्स सिक्योरिटी कम्पनी के सफाई कर्मचारी अपना अलग ठेला लेकर प्लास्टिक का कचरा बटोरते मिले। वह इसे दुकान पर बेच भी रहे थे। इनके दोनों ठेले जब्त कर लिए गए हैं। ठेकेदार के कर्मचारियों को हटाने का आदेश दिया गया है। इसके लिए लायन्स सिक्योरिटी गार्ड कम्पनी को नोटिस जारी किया गया है। लायन्स सिक्योरिटी कम्पनी को नगर निगम ने करोड़ों का काम दे रखा है। मनोज कुमार ने बताया कि कंपनी के कई कर्मचारी सफाई के नाम पर वेतन और संसाधन तो ले रहे हैं, लेकिन वास्तविक कार्य नहीं कर रहे। इन पर कंपनी का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने बताया कि यह कर्मचारी कूड़ा गाड़ी और झाड़ू लेकर आते हैं, लेकिन सड़कें साफ करने की बजाय सड़कों के किनारे, कूड़ाघरों और नालियों से प्लास्टिक, बोतलें और अन्य पुनर्चक्रण योग्य कचरा उठाते हैं और इसे बेचकर निजी कमाई करते हैं। यह नगर निगम के साथ धोखा है और जनता की सुविधाओं के साथ खिलवाड़। नगर निगम प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। लायन सिक्योरिटी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जोनल अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ठेले जब्त करवा दिए और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था से हटा दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।