UP Weather: अगले 48 घंटे तेज आंधी और बारिश से तबाही का अलर्ट, यूपी में और दो दिन तूफान
- यूपी में गर्मी का दंश झेल रहे लोगों को गर्मी से तो हल्की राहत मिलेगी। लेकिन दो दिन तूफान और बारिश परेशान कर सकती है। धूप कम सताएगी लेकिन इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज सतही हवाएं चलेंगी।

यूपी में गर्मी का दंश झेल रहे लोगों को गर्मी से तो हल्की राहत मिलेगी। लेकिन दो दिन तूफान और बारिश परेशान कर सकती है। धूप कम सताएगी लेकिन इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज सतही हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में भी गिरावट की आशंका है। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहकर 40 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ है। बता दें कि पिछले दो दिन लगातार हीटवेव का असर रहा है। भीषण गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया था। ऐसे में अब मौसम विभाग ने हल्की राहत की आशंका जताई है।
मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार व शनिवार को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलेंगी। इससे दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन दोनों दिनों में सुबह से आसमान में बादल छाए रहेंगे। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे यूपी में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। 10-15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली धूलभरी आंधी और बारिश ने गर्मी से राहत दी। दो घंटे तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश का दौर चला। प्री-मानसूनी सीजन की गुरुवार को पहली आंधी-बारिश थी।
मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन आंधी बारिश का दौर चलता रहेगा। आंधी-बारिश का यह दौर शनिवार तक जारी रह सकता है। 48 घंटे में कुछ हिस्सों में तेज बारिश-आंधी के भी आसार है। दिन में चार से पांच और रात में दो से तीन डिग्री पारा गिरेगा। 48 घंटे बाद फिर से तापमान में तेजी का सिलसिला शुरू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक रहा। दिन में आठ किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली, लेकिन शाम को सात बजे तेज धूलभरी आंधी के बाद यह 15 किमी तक पहुंच गई। तेज आंधी से शहर की बिजली उड़ गई। बाहरी हिस्सों में होर्डिंग आंधी में गिर पड़े। बीते 24 घंटे के सापेक्ष दिन में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि रात में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। बावजूद इसके दिन-रात का तापमान सामान्य से क्रमशः 1.4 एवं 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आंधी-बारिश का यह दौर शनिवार तक जारी रह सकता है। 48 घंटे में कुछ हिस्सों में तेज बारिश-आंधी के भी आसार हैं।