आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दो हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
सितारगंज में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 2000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। उसने नंदा गौरा योजना के तहत स्कॉलरशिप के लिए 10,000 रुपये मांगे थे। शिकायत...

सितारगंज, संवाददाता। विजिलेंस टीम ने सोमवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दो हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने नंदा गौरा योजना में स्कॉलरशिप के लिए 10 हजार रुपये मांगे थे। निदेशक सतर्कता डॉ़ वी मुरुगेशन के अनुसार, कक्षा 12 उत्तीर्ण करने वाली एक छात्रा की बहन ने टोल फ्री नंबर 1064 में शिकायत की थी। बताया कि नंदा गौरा कन्या योजना की स्कॉलरशिप के लिए वर्ष 2024 में आवेदन किया था। फार्म भरते समय आवेदिका को प्रिंसिपल व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का प्रमाणपत्र लगाना था। इसमें वार्ड छह की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश पत्नी नन्हे सिंह गौतम पर स्कूल प्रिंसिपल ने 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था।
बताया कि स्कॉलरशिप की धनराशि 28 मार्च 2025 को उसकी बहन के खाते में आ गई। आरोप लगाया कि इसकी जानकारी मिलते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रिश्वत देने के लिए परेशान करने लगी। भविष्य में मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं देने और मिली धनराशि को निरस्त करने की धमकी देने लगी। सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर बुलाया। वहीं जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल सिंह मनराल के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन कर सितारगंज भेजा गया। दोपहर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलेश को शिकायतकर्ता से दो हजार की रिश्वत लेते उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। टीम उसे हल्द्वानी ले गई। कमलेश के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।