तेज रफ्तार कार का फिर दिखा कहर, सेलाकुई में स्कूल से घर लौट रही छात्रों को मारी टक्कर; 10 घायल-2 की हालत गंभीर
- स्कूल की छुट्टी के इंटर कॉलेज सेलाकुई के छात्र घर जा रहे थे। इसी दौरान निगम रोड पर बाला सुंदरी मंदिर के पास कार चालक ने पैदल चल रहे स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी।

उत्तराखंड में तेज रफ्तार कार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली छात्रों को टक्कर मार दी। रोड एक्सीडेंट के बाद मदद के लिए चीख-पुकार निकलने लगी।
पछुवादून में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को तेज रफ्तार कार का कहर सेलाकुई में देखने को मिला। एक तेज रफ्तार कार चालक ने स्कूल से घर लौट रहे छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में 10 छात्र घायल हो गए।
इनमें सात छात्राएं और तीन छात्र हैं। घायलों का इलाज ग्राफिक एरा अस्पताल में चल रहा है। एक छात्रा को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। वह सेलाकुई मानसिक अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के मुताबिक सेलाकुई के निगम रोड स्थिति अटल आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र छुट्टी के बाद पैदल और साइकिल से घरों को लौट रहे थे। इस दौरान निगम रोड से तिलक रोड की तरफ जा रहे तेज रफ्तार कार ने त्रिशला मंदिर के पास पैदल और साइकिल में सवार बच्चों को टक्कर मार दी।
इसके बाद आरोपी कार समेत तेजी से फरार हो गया। कुछ दूरी पर जाकर आरोपी ने सड़क पर खड़ी कार को भी टक्कर दे मारी। यहां भी चालक ने पैदल चल रहे स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी। यहां से भी आरोपी ने तेजी से कार चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी दूसरे कार से जा टकराया। इसके बाद कार बंद होकर रुक कई।
दोनों जगहों पर हुए हादसे में दस स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची कर घायलों को एंबुलेंस से ग्राफिक एरा, सुभारती अस्पताल और सीएचसी सहसपुर पहुंचाया। बाद में सभी दस घायलों को ग्राफिक एरा अस्पताल लाया गया।
घायलों में एक छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई। जबकि नौ छात्रों का इलाज चल रहा है। इनमें से आयुष कोठारी, अनुष्का और अंकिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें से दो वेंटिलेटर और एक को आईसीयू में रखा गया है।
थानाध्यक्ष सहसपुर पीड़ी भट्ट ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी पहचान विक्रांत कुमार पुत्र शक्ति सिंह निवासी मंगलौर हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया कि वह सेलाकुई मानसिक अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत है।
बताया कि पहली बार बच्चों को टक्कर मारने के बाद वह घबराकर तेजी से फरार होना चाह रहा था। जिसके बाद वह एक के बाद तीन हादसे करता चला गया।
कार चालक की लोगों ने जमकर की धुनाई
बच्चों को टक्कर मारने के बाद जब आरोपी की कार दूसरी कार को टक्कर मारने के बाद रुकी तो वहां आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने कार चालक को कार से नीचे उतारा और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मौके पर पुलिस पहुंचने के बाद ही लोगों ने उसे छोड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही बच्चों के परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो सभी का रोक-रोककर बुरा हाल था। सभी अपने बच्चों का हाल जानने के लिए पहले घटनास्थल और उसके बाद अस्पताल दौड़े चले आए। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अपने बच्चों का हाल जानने के बाद ही उनके आंखों से आंसू रुके।
विधायक, प्रधानाचार्य, खंड विकास अधिकारी ने अस्पताल जाकर जाना बच्चों का हाल
घटना की खबर सुनकर सभी हैरत में थे। सूचना के तत्काल बाद विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुंडीर, एसडीएम विनोद सुमन, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य यशवंत बर्तवाल, खंड शिखा अधिकारी कुंदन सिंह तत्काल ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचे और उन्होंने वहां घायल बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने डॉक्टरों से बच्चों के इलाज में कोई भी लापरवाही न बरते के निर्देश दिए।
सीओ ने ली घटना की जानकारी
उधर, घटना के बाद सीओ प्रेमनगर रीना राठौर ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस को तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ अभियान चलान के निर्देश दिए। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रेमनगर मोहन सिंह, थानाध्यक्ष सेलाकुई पीडी भट़ट आदि मौजूद रहे।
घायलों के नाम पते
1-सृष्टि पुत्री रोशनलाल, पुरबिया लाइन सेलाकुई, उम्र 14 साल
2-आयुष पुत्र महेश कोठारी, अटक फार्म खैरी, 14 साल (गंभीर घायल)
3-नैना पुत्री ज्ञान प्रकाश, शिव मंदिर पीठ वाली गली सेलाकुई, 15 साल
4-आयुष डंडरियाल पुत्र विनय डंडरियाल, सेलाकुई, 14 साल
5-शिखा पुत्री अर्जुन पुरबिया लाइन सेलाकुई, 15 साल
6-अंकित कुमार पुत्र होशियार चंद, अटक फार्म खैरी, 17 साल (गंभीर घायल)
7-सोनिया पुत्री अमर सिंह रावत, सेलाकुई, 8 वर्ष
8-अनुष्का रावत पुत्री अमर सिंह रावत, सेलाकुई, 16 साल (गंभीर घायल)
9-सुहानी, सेलाकुई
10 श्वेता, सेलाकुई
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।