घर में अकेली महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर किया मारपीट
जंदाहा के सोहरथी गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की गई। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया, लेकिन बाद में अपने परिवार के साथ लौटकर गाली गलौज...

जंदाहा, संवाद सूत्र। महिसौर थाना के सोहरथी गांव में बीते शाम अपने घर में अकेला देख एक महिला के साथ घर में घुसकर गलत नीयत से छेड़छाड़ किए जाने तथा विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में सोहरथी निवासी अमृता देवी ने अपने ग्रामीण विजय साहनी, उनकी पत्नी बबीता देवी, पुत्री कंचन कुमारी एवं पुत्र धर्मेंद्र साहनी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया गया है कि बीते शाम करीब 7 बजे उसे अपने घर में अकेला देखकर आरोपी विजय साहनी गलत नीयत से छेड़खानी करने लगा। जिसका विरोध करने पर भी वह नहीं माना।
इसके बाद महिला ने जोर-जोर से शोर मचाई। उसके शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गया। उसी दौरान हल्ला सुनकर पड़ोस से उनका पुत्र मनीष कुमार एवं पुत्री संगीता कुमारी अपने घर पहुंची। बताया गया है की घटना के कुछ देर बाद ही आरोपी विजय साहनी अपनी पत्नी, पुत्री एवं पुत्र के साथ लाठी डंडा लेकर उसके घर पहुंच गया तथा गाली गलौज करने लगा। बताया गया है कि आरोपियों ने गाली गलौज एवं मारपीट करते उनके गले से सोने का जितिया छीन लिया। वहीं आरोपियों द्वारा लाठी डंडा एवं ईंट से जानलेवा हमला कर उन्हें तथा पुत्र मनीष को गंभीर जख्मी कर दिया गया। सभी जख्मी को इलाज हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंदाहा में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। वहीं जख्मी अमृता देवी को सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है। पुलिस मामले के अनुसंधान में लगी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।