लड़कियों की पढ़ाई बाधित होने की वजह कम उम्र में शादी : पप्पू यादव
-फोटो : 46 : पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार पुलिस में चयनित 40 अभ्यर्थियों (32 लड़कियाँ और 8 ल

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार पुलिस में चयनित 40 अभ्यर्थियों (32 लड़कियाँ और 8 लड़के) को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह पूर्णिया में आयोजित किया गया था, जहाँ उन्होंने इन युवाओं की सफलता पर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पप्पू यादव ने लड़कियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की तभी संभव है, जब महिलाएं हर क्षेत्र में बराबरी से भागीदारी करें। उन्होंने सरकार से अपील की कि लड़कियों के लिए पोस्ट ग्रेजुएट तक की शिक्षा मुफ्त और अनिवार्य की जाए।
साथ ही, उन्होंने मांग की कि कम से कम स्नातक तक की पढ़ाई को हर लड़की के लिए अनिवार्य किया जाना चाहिए ताकि वे भविष्य में रोजगार से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बनें। पप्पू यादव ने समाज में व्याप्त कम उम्र में लड़कियों की शादी कराने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसी मानसिकता को बदलने के लिए कानूनी प्रावधान लाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों की पढ़ाई बाधित होने की सबसे बड़ी वजह यही सोच है, जिसे बदलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि स्नातक लड़कियों के लिए निजी क्षेत्र में 70 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जाए और इसके लिए जाति या धर्म का आधार न बनाया जाए। इस मौके पर राजेश यादव, ब्रजेश कुमार, सुशीला भारती, नुतन सिंह सुमित यादव, ई सुनिल यादव, पूर्व मुखिया ललटू यादव, संगम कुमार मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।