IPL 2025 में 'शुद्ध देसी जोड़ी' का नया कमाल, शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 900 पार जाकर रचा इतिहास
शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने आईपीएल 2025 में 900 प्लस पार्टनरशिप रन का आंकड़ा पार कर लिया है। गुजरात के कप्तान गिल और ओपनर सुदर्शन ने इतिहास रच डाला है।

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की 'शुद्ध देसी जोड़ी' ने आईपीएल 2025 में नया कमाल किया है। दोनों ने 900 प्लस के आंकड़े पार जाकर इतिहास रचा है। गिल और सुदर्शन आईपीएल के एक सीजन में 900 रन जुटाने वाली पहली भारतीय जोड़ी गए हैं। गुजरात टाइटंस (जीटी) के कप्तान गिल और सुदर्शन ने मौजूदा सीजन में बतौर ओपनर उतरने के बाद शानदार बल्लेबाजी की है। हालांकि, दोनों रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ जीटी को अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए मगर कीर्तिमान बना दिया। दोनों ने अहमदाबाद के मैदान पर सीएसके के सामने 24 रनों की साझेदारी की।
एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली जोड़ियों की लिस्ट में गिल और सुदर्शन दूसरे स्थान पर काबिज हैं। दोनों फिलहाल 909 रन जोड़ चुके हैं। एक सीजन में सर्वाधिक पार्टनरशिप रन बनाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से विराट कोहली और एबी डिविलियर्स, कोहली और फाफ डुप्लेसी की जोड़ी के नाम दर्ज है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज कोहली ने आईपीएल 2016 में साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डिविलियर्स के साथ 939 रन जोड़े थे। कोहली और साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान डुप्लेसी ने 2023 में 939 पार्टनरशिप रन बनाए थे।
एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन
939 - विराट कोहली/डिविलियर्स (2016, आरसीबी)
939 - विराट कोहली/फाफ डुप्लेसी (2023, आरसीबी)
909 - शुभमन गिल/साई सुदर्शन (2025, जीटी)*
849 - ऋतुराज गायकवाड़/डेवोन कॉनवे (2023, सीएसके)
791 - डेविड वॉर्नर/जॉनी बेयरस्टो (2019, एसआरएच)
मैच की बात करें तो 231 के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चेन्नई के पेसर अंशुल कम्बोज ने तीसरे ओवर में गिल का शिकार किया। उन्होंने 9 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद उर्विल पटेल को कैच थमाया। गिल के बल्ले से एक चौका और एक छक्का निकला। जोस बटलर (5) भी सस्ते में आउट हुए। शेरफेन रदरफोर्ड का खाता नहीं खुला। सुदर्शन ने शाहरुख खान के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। सुदर्शन ने 15 गेंदों में दो चौकों के जरिए 19 रन बनाए। सुदर्शन ने 28 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 41 रनों की पारी खेली। जीटी ने 11 ओवर तक पांच विकेट गंवा दिए।