वट सावित्री व्रत में पहनें इन शुभ रंगों की साड़ी, सुहागिन महिलाएं ऐसे करें अपना शृंगार Vat Savitri Vrat 2025 auspicious colors to wear on this day and tips to get ready, फैशन - Hindustan
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़फैशनVat Savitri Vrat 2025 auspicious colors to wear on this day and tips to get ready

वट सावित्री व्रत में पहनें इन शुभ रंगों की साड़ी, सुहागिन महिलाएं ऐसे करें अपना शृंगार

वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद ही खास होता है। इस दिन वो अपने सुहाग के लिए व्रत रखती हैं और सज-धज कर तैयार होती हैं। आइए जानें इस खास दिन के लिए कैसा होना चाहिए शृंगार।

Anmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तानWed, 21 May 2025 12:46 PM
share Share
Follow Us on
वट सावित्री व्रत में पहनें इन शुभ रंगों की साड़ी, सुहागिन महिलाएं ऐसे करें अपना शृंगार

करवाचौथ की तरह ही सुहागिन महिलाओं का एक और बहुत पावन और प्रसिद्ध पर्व है, वट सावित्री का व्रत। इस दिन भी महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं और पूजा-पाठ भी करती हैं। सुहागिन महिलाओं का त्यौहार है तो जाहिर है इसमें सजना-संवरना तो होगा ही। इस दिन महिलाएं ट्रेडिशनल वियर खासतौर से साड़ी पहनकर तैयार होती हैं और साथ ही सोलह शृंगार भी करती हैं। अगर आप भी इस पावन मौके पर सबसे खास दिखना चाहती हैं तो साड़ी का रंग चुनने से ले कर सही मेकअप और ज्वैलरी होना बहुत जरूरी है। चूंकि हिन्दू धर्म में रंगों का विशेष महत्व होता है इसलिए सही रंग की साड़ी पहनना भी बेहद जरूरी है। तो चलिए जानते हैं किन रंगों की साड़ी पहनें और कैसे हो तैयार, इस खास दिन के लिए।

वट सावित्री पर चुनें इन रंगों की साड़ी

वट सावित्री एक धार्मिक पर्व है इसलिए सही रंग की साड़ी का चुनाव करना बेहद जरूरी है। सुहागिन स्त्रियों के लिए लाल रंग पहनना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है इसलिए आप लाल रंग की चुन सकती हैं। इसके अलावा पीला, हरा, रानी पिंक और नारंगी रंग का आउटफिट भी बेस्ट रहेगा। ये सभी रंग बेहद ब्राइट होते हैं और धार्मिक रूप से भी बेहद शुभ मानें जाते हैं। ये सभी रंग हर स्किन टोन पर काफी खिलकर आते हैं। हेवी लुक चाहती हैं तो इनके साथ गोल्डन रंग का कॉम्बिनेशन ट्राई कर सकती हैं।

ये रंग भूलकर भी ना पहनें

कुछ रंग ऐसे होते हैं जिन्हें नकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। ऐसे रंगों को अक्सर किसी धार्मिक मौके पर ना पहनने की सलाह दी जाती है। खासतौर से सुहागिन महिलाओं के लिए तो ये रंग वर्जित मानें जाते हैं। ऐसे ही कुछ रंग हैं सफेद, काला और गाढ़ा नीला। इसके अलावा ज्यादा फीके रंग पहनने से बचें। इन्हें अशुभ तो नहीं माना जाता लेकिन ये काफी डल लगते हैं और स्पेशल दिन की वाइब और एक्साइटमेंट के साथ मैच भी नहीं करते।

ऐसा रखें अपना शृंगार

वट सावित्री के व्रत पर सुहागिनों का सोलह शृंगार करना काफी शुभ माना जाता है। खासतौर से अगर आप नई नवेली बहु हैं, तो प्रॉपर सोलह शृंगार कर के तैयार हो सकती हैं। फिर भी अगर आपको ज्यादा हेवी लुक नहीं चाहिए तो कम से कम सुहाग की निशानी वाली चीजें जरूर पहनें। जैसे हाथों में चूड़ियां, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया और नथ। इसके अलावा मेकअप में भी सुहाग से जुड़ी चीजें जरूर लगाएं जैसे सिंदूर, आलता, मेंहदी, कुमकुम या बिंदी। बाकी आप अपने लुक को और स्पेशल बनाने के लिए मेकअप और ढेर सारी ज्वैलरी का इस्तेमाल तो कर ही सकती हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।