केमिकल से पके आम सेहत कर सकते हैं खराब, ऐसे करें पहचान
- Tips to check toxic mango: स्वाद और सेहत का ख्याल रखने वाला आम अगर मिलावटी निकल आए तो यह स्वाद खराब करने के साथ सेहत को भी कई गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में मिलावट के जहर के बचने के लिए आइए जानते हैं कैसे करें मिलावटी आम की पहचान।

शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जिसे फलों के राजा आम का स्वाद पसंद नहीं होगा। आम का स्वाद बच्चों से लेकर बड़े व्यक्ति तक, सब बेहद पसंद करते हैं। भारत में तो आम से कई तरह की डिशेज तक बनाकर तैयार की जाती है। बावजूद इसके क्या आप जानते हैं, स्वाद और सेहत का ख्याल रखने वाला आम अगर मिलावटी निकल आए तो यह स्वाद खराब करने के साथ सेहत को भी कई गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में मिलावट के जहर के बचने के लिए आइए जानते हैं कैसे करें मिलावटी आम की पहचान।
केमिकल से पके आम की पहचान करने के 7 टिप्स
रंग से करें जांच
प्राकृतिक रूप से पके हुए आम का रंग कभी भी एक जैसा नहीं होता है। ऐसे आम का रंग हरा, पीला, और लाल रंग का मिश्रण हो सकता है। जबकि जहरीले या केमिकल से पके हुए आम अक्सर अस्वाभाविक रूप से चमकीले पीले या एकसमान रंग वाले होते हैं, जो कि रसायनों का संकेत है।
गंध पर दें ध्यान
प्राकृतिक रूप से पके हुए आम में भीनी मीठी खुशबू होती है। जबकि केमिकल से पके हुए आम में रासायनिक गंध जैसे कार्बाइड या तीखी गंध) या बिल्कुल गंध नहीं होती है। अगर आम की खुशबू कुछ अजीब लगे, तो उसे खाने से बचें।
बनावट और छिलके पर दें ध्यान
प्राकृतिक रूप से पके हुए आम का छिलका हल्का चिकना और थोड़ा लचीला होता है। जबकि जहरीले आम का छिलका असामान्य रूप से चमकदार, सख्त, या चिपचिपा हो सकता है। इसके अलावा आम के छिलके पर सफेद पाउडर या दाग रसायनों का संकेत हो सकते हैं।
दबाकर चेक करें
प्राकृतिक आम हल्का दबाने पर नरम और रसदार होता है। हालांकि ऐसा करते समय वह अपनी आकृति बनाए रखता है। जबकि केमिकल से पके हुए आम दबाने पर अंदर से सख्त या असामान्य रूप से नरम महसूस हो सकते हैं।
काटकर चेक करें
प्राकृतिक रूप से पका हुआ आम का गूदा रसदार, चमकीला पीला या नारंगी होता है। लेकिन केमिकल से पकाया हुआ आम का गूदा असामान्य रूप से पीला, सूखा, या काला और भूरा हो सकता है। अगर आम को काटने पर उससे रासायनिक गंध आए, तो उसे न खाएं।
स्वाद से करें परीक्षण
प्राकृतिक आम का स्वाद मीठा होता है। लेकिन केमिकल से पकाए गए आम स्वाद में कड़वे, खट्टे, या रासायनिक हो सकते हैं। अगर खाने के बाद मुंह में जलन या अजीब स्वाद महसूस हो, तो आम को खाना तुरंत बंद करें। ऐसा आम मिलावट का संकेत हो सकता है।
खरीदते समय ध्यान रखें ये बातें
कोई भी फल अगर उसके सीजन से पहले खरीदा जाता है तो उसमें मिलावट की संभावना बढ़ सकती है। मौसम से पहले बाजार में बेचे जाने वाले आम अक्सर कृत्रिम रूप से पकाए जाते हैं। ऐसे में मिलावट से बचने के लिए हमेशा विश्वसनीय दुकानदार या फल बेचने वाले से ही आम खरीदें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।