स्कूलों की फीस बढ़वाने में जिसका हाथ, वह CM रेखा गुप्ता के साथ; AAP का बड़ा दावा
दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ाए जाने का मुद्दा तूल पकड़ता दिख रहा है। अब आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बड़ा आरोप लगाया है।

दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ाए जाने का मुद्दा तूल पकड़ता दिख रहा है। अब आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बड़ा आरोप लगाया है। 'आप' के दिल्ली संयोजक और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि स्कूलों में फीस बढ़ाए के पीछे जिस व्यक्ति का हाथ रहा है वह भाजपा का पदाधिकारी है और चुनाव में वह रेखा गुप्ता के लिए काम कर चुके हैं। भारद्वाज ने कहा कि यह हितों के टकराव का मामला है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की एक संस्था 'ऐक्शन कमिटी ऑन प्राइवेट अएडेड रिकॉग्नाइज्ड स्कूल्स' की ओर से बार-बार अदालतों का रुख किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों की फीस पर लगाम कसने के लिए उनकी सरकार ने जब भी आदेश निकाले तो इस संस्था ने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि इसके अध्यक्ष भरत अरोड़ा भाजपा के पदाधिकारी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के करीबी हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि वह चुनाव में भाजपा को लाने के लिए काम कर रहे थे और रेखा गुप्ता के लिए प्रचार करते थे। खबर लिखे जाने तक 'आप' के आरोपों पर भरत अरोड़ा या भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि भरत अरोड़ा ने विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के लिए प्रचार किया। भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों की मैनेजमेंट की असोसिएशन जो हमेशा से अभिभावकों और सरकार के खिलाफ फीस बढ़ाने की वकालत करती रही उन्होंने एक जनवरी 2025 को एक्स पर लिखा था, 'आ रही है भाजपा'। उन्होंने कहा कि भरत अरोड़ा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक भी हैं। इसके अलावा उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रदेश चुनाव समिति में सामाजिक संपर्क समिति में जिम्मेदारी दी गई थी।
यह दिल्ली की मुख्यमंत्री का हितों का टकराव है। उस संस्था का संयोजक भाजपा के सीएम के प्रचार कर रहा था, जो चाहता है कि दिल्ली के स्कूलों की फीस बढ़े। वह उनकी पार्टी का पदाधिकारी है। उनके सांसद और मुख्यमंत्री के साथ तमाम फोटो हैं। जैसे ही भाजपा की सरकार बनी खबरें आने लगीं कि स्कूल ने 25 फीसदी फीस बढ़ा दी, 65 फीसदी फीस बढ़ा दी, बच्चों का उत्पीड़न हो रहा है। अभिभावक धरना दे रहे हैं। कोई भाजपा का विधायक नहीं जा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली सरकार ने एसडीएम को ऑडिट करने का जो आदेश दिया है वह अभिभावकों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि एसडीएम को जांच करने को कहा है, जबकि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। स्कूल इस जांच के खिलाफ कोर्ट जाएंगे और रोक लग जाएगी।