the lover set himself on fire and ran in the hotel his girlfriend also got burnt while trying to save him खुद को आग के हवाले कर प्रेमी ने होटल में लगाई दौड़, बचाने में प्रेमिका भी जली, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़the lover set himself on fire and ran in the hotel his girlfriend also got burnt while trying to save him

खुद को आग के हवाले कर प्रेमी ने होटल में लगाई दौड़, बचाने में प्रेमिका भी जली

  • प्रेमी ने तैश में आकर प्रेमिका के सामने खुद को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद जब शरीर में जलन होने लगी तो वह होटल में दौड़ लगाने लगा। उसे बचाने के चक्कर में प्रेमिका के भी हाथ जल गए। गंभीर हालत में उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने से वह आहत था।

Ajay Singh संवाददाता, आगराWed, 9 April 2025 02:13 PM
share Share
Follow Us on
खुद को आग के हवाले कर प्रेमी ने होटल में लगाई दौड़, बचाने में प्रेमिका भी जली

आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र के होटल किंग पार्क एवेन्यू के कमरे में मंगलवार को एक युवक ने प्रेमिका के सामने खुद को आग लगा ली। तैश में आकर उसने ऐसा कर तो लिया लेकिन जब शरीर में जलन होने लगी तो होटल में दौड़ लगाने लगा। उसे बचाने के चक्कर में प्रेमिका के भी हाथ जल गए। युवक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने से वह आहत था। कई दिनों से अवसाद में चल रहा था।

घटना मध्याह्न करीब 12 बजे की है। सुबह सवा ग्यारह बजे सैनिक नगर, टेढ़ी बगिया निवासी 30 वर्षीय चंद्रशेखर और एक युवती होटल पहुंचे। इंस्पेक्टर आलोक कुमार के अनुसार दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी बताया। अपनी आईडी भी दी। होटल वालों ने कमरा नंबर 201 उनको दे दिया। दोनों दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचे। इसके बाद युवती फ्रेश होने चली गई।

ये भी पढ़ें:उजाड़ने वाले…, 2 बेटों-पोते के शव पर दहाड़ी मां; फतेहपुर में बुलडोजर ऐक्‍शन शुरू

करीब पांच मिनट बाद कमरे से बाहर आई। कमरे में ज्वलनशील पदार्थ की गंध आ रही थी। युवती ने चंद्रशेखर से पूछा यह दुर्गंध कहां से आ रही है। उसके हाथ में माचिस थी। चंद्रशेखर ने युवती से कहा कि अपने पिता को फोन मिला। उनसे बोल की शादी नहीं करना चाहती है। युवती घबरा गई। उसने कहा घर चलकर बात करना। होटल में तमाशा मत करो।

चंद्रशेखर ने गुस्से में माचिस से खुद को आग लगा ली। ज्वलनशील पदार्थ उसने अपने सिर से उड़ेला था। आग ने कुछ ही पल में विकराल रूप धारण कर लिया। यह देख युवती की चीख निकल पड़ी। उसने शोर मचाया। पलंग पर पड़ा कंबल डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। उसके हाथों में आग लग गई। शोर सुनकर होटल के कर्मचारी आए। आग देखकर उनके होश उड़ गए। अग्नि शामक यंत्र (सिलेंडर) से आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ कर्मचारियों ने चंद्रशेखर के ऊपर कंबल डाले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक और युवती को तत्काल अस्पताल भेजा। सूचना पर युवती के पिता आ गए। वह बेटी को अपने साथ ले गए। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। वह 80 प्रतिशत जल गया है। बोल भी नहीं पा रहा है। चेहरा, गला और धड़ से चमड़ी गायब हो गई है।

लपटों से घिरे युवक ने लगाई होटल में दौड़

चंद्रशेखर के शरीर से लपटें उठ रही थीं। उसने तैश में आग लगा तो ली मगर उसके बाद जो पीड़ा हुई उससे वह बिलबिला गया। कमरे के दरवाजे से बाहर की तरफ भागा। लपटों से घिरे युवक को होटल की गैलरी में भागता देख कर्मचारियों के होश उड़ गए। कमरों में रुके लोग बाहर निकल आए। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि जब तक पुलिस पहुंची, आग बुझ चुकी थी। कंबल में लपेटकर उसे अस्पताल भेजा गया। पूछताछ में पता चला कि यह प्रेम कहानी कुंवारों की नहीं बल्कि शादी शुदा जोड़े के बीच की है।

ये भी पढ़ें:डंपर का कहर, प्रयागराज में 3 बच्‍चों के साथ मजदूर की मौत, अयोध्‍या में गई 1 जान

डेढ़ साल पहले शुरू हुई थी प्रेम कहानी

चंद्रशेखर चांदी की ढलाई का काम करता है। दस साल पहले उसकी शादी अंजली से हुई थी। दो बच्चे हैं। करीब डेढ़ साल पहले उसकी पहचान फेसबुक पर एक युवती से हुई थी। उस युवती की वर्ष 2022 में शादी हुई थी। पति के उत्पीड़न से परेशान होकर वह मायके आ गई। कोर्ट में तलाक का केस चल रहा था। फेसबुक पर हुई दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे गहरी हो गई। वह तलाक के केस में उसकी मदद करने लगा। दोनों में प्यार हो गया।

युवती का कुछ माह पहले हुआ तलाक

कुछ माह पूर्व युवती का पति से तलाक हो गया। चंद्रशेखर से उसकी शादी संभव नहीं थी। वह पहले से शादीशुदा है। पिछले दिनों एक जगह परिजनों ने युवती का रिश्ता लगभग तय कर दिया। चंद्रशेखर को पांच-छह दिन पहले इसकी जानकारी हुई। तभी से वह उस पर मिलने का दबाव बना रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से कारखाने जाने की कहकर निकला। युवती घर वालों से मंदिर जाने की बोलकर निकली थी।