UP Agra Jeweler Murder Caught in CCTV loot in 3 minutes murdered in 30 seconds आगरा सर्राफ मर्डर: CCTV में कैद पूरा कांड, 3 मिनट में लूट और 30 सेकेंड में हत्या, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP NewsUP Agra Jeweler Murder Caught in CCTV loot in 3 minutes murdered in 30 seconds

आगरा सर्राफ मर्डर: CCTV में कैद पूरा कांड, 3 मिनट में लूट और 30 सेकेंड में हत्या

आगरा में बालाजी ज्वैलर्स की दुकान में बदमाश तीन मिनट रुके थे। सराफा कारोबारी योगेश चौधरी ने एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया था। पहले धक्का-मुक्की हुई थी। बाद में बदमाश ने गोली मारी थी। यह घटनाक्रम बमुश्किल तीस सेकंड चला। तीन मिनट तीस सेकंड में दो बदमाश कमिश्नरेट पुलिस को खुली चुनौती देकर फरार हो गए।

Srishti Kunj प्रमुख संवाददाता, आगराSat, 3 May 2025 07:16 AM
share Share
Follow Us on
आगरा सर्राफ मर्डर: CCTV में कैद पूरा कांड, 3 मिनट में लूट और 30 सेकेंड में हत्या

आगरा में बालाजी ज्वैलर्स की दुकान में बदमाश तीन मिनट रुके थे। सराफा कारोबारी योगेश चौधरी ने एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया था। पहले धक्का-मुक्की हुई थी। बाद में बदमाश ने गोली मारी थी। यह घटनाक्रम बमुश्किल तीस सेकंड चला। तीन मिनट तीस सेकंड में दो बदमाश कमिश्नरेट पुलिस को खुली चुनौती देकर फरार हो गए। बदमाश कई शकई जगह सीसीटीवी में कैद हुए हैं। पुलिस कैमरों की मदद से उनकी तलाश कर रही है। वारदात के बाद सराफा कारोबारी योगेश चौधरी प्रभा हॉस्पिटल ले जाया गया था। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सिकंदरा-बोदला मार्ग पर जाम लग गया। राहगीर रुक-रुक पूछ रहे थे क्या हुआ। जैसे ही उन्हें पता चलता था कि लूट के दौरान हत्या हुई वे पुलिस को कोसने लगते थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल था। लगातार पुलिस के अधिकारी मौके पर आ रहे थे। पुलिस ने बालाजी ज्वैलर्स की दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में ले लिया था। शोरूम पर काम करने वाली युवती रेनू वहां मौजूद थी।

ये भी पढ़ें:UP के इस विभाग में 2000 से ज्‍यादा कर्मचारियों की सैलरी रोकने का आदेश, अनशन शुरू

पुलिस अधिकारी बार-बार उससे यह जानने का प्रयास कर रहे थे कि घटना कैसे हुई थी। वह बुरी तरह घबरा रही थी। कुछ लोग उसे हिम्मत दे रहे थे। बोल रहे थे घबराए नहीं। जैसे घटना हुई थी बता दे। घटना की सूचना पर कारोबारी के दोनों बेटे आशीष और सागर सिंह शोरूम पर आ गए थे। उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बदमाश कई कैमरों में कैद मिले। दो बदमाश एक मोटरसाइकिल पर आते और जाते नजर आए। दोनों के चेहरे ढंके हुए थे।

पुलिस को मिला हत्या का लाइव लाइव फुटेज

योगेश चौधरी हत्याकांड सीसीटीवी में कैद है। पुलिस ने सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में ले लिया है। ताकि हत्याकांड का वीडियो वायरल नहीं हो जाए। घटना के बाद शोरूम में सेल्सगर्ल के अलावा एक अन्य युवती भी मौजूद थी। उसका नाम डौली राजपूत है। पुलिस ने उससे भी बातचीत की थी। रेनू और डॉली का बयान एक जैसा ही था। पिस्टल निकालने पर डॉली घबरा गई थी। रोने लगी। बदमाशों ने उससे कहा कि शांत रहे। उसे कुछ नहीं करेंगे। बदमाशों ने दुकान में घुसते ही पहला सवाल रेनू से किया था। पूछा कि अंकल जी कहां है। उसके बाद पिस्टल निकाल ली थी। लूट के दौरान एक बदमाश शोरूम के दरवाजे पर खड़ा हो गया था। लूट करके भागते हुए बदमाशों का आमना-सामना सराफा कारोबारी से हुआ था। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है।

रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम

बदमाशों ने रेकी के बाद बालाजी ज्वैलर्स की दुकान में धावा बोला था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो यह जानकारी सामने आई है। दोनों बदमाश काले रंग की बिना नंबर की बाइक पर थे। एक बदमाश इकहरे बदन का है। वह बाइक चला रहा था। चेहरे पर मास्क लगा रखा था। पीठ पर बैग टांग हुए थे। पीछे बैठा बदमाश मजबूत कदकाठी का है। उसने चेहरे पर चैकदार कपड़ा बांध रखा था। पुलिस जो भी कैमरा खंगाल रही है बदमाश इसी अंदाज में कैद मिल रहे हैं। बदमाश शास्त्रीपुरम की तरफ से आए थे। आते ही सीधे बालाजी ज्वैलर्स के बाहर रुके। सीढ़ी चढ़कर पहली मंजिल पर पहुंचे। बदमाशों को पता था कि दुकान पर सिर्फ सेल्सगर्ल मिलेगी।