कटिहार: मक्का लोड ट्रैक्टर से कुचलकर वृद्धा की मौत
कुरसेला में एक वृद्ध महिला बेचना देवी (75) की मक्का लोड ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना पुरानी एफसीआई गोदाम परिसर में हुई, जहां ट्रैक्टर के चालक ने पीछे करते समय महिला को कुचला। गंभीर अवस्था में...

कुरसेला निज प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के पुरानी एफसीआई गोदाम (अब निजी) परिसर में गुरुवार की दोपहर मक्का लोड ओवरलोड ट्रैक्टर से कुचलकर एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका बेचनी देवी (75) पति स्व० चमरू मंडल नगर पंचायत वार्ड 7 कुरसेला बस्ती सरस्वती स्थान के समीप की रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक वृद्ध महिला पुरानी एफसीआई गोदाम परिसर में मक्का चुनने गई थी। इसी क्रम में ओवरलोड मक्का लदे ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर को पीछे करने के दौरान वृद्धा को कुचल दिया।जिसमें ट्रैक्टर के टायर के नीचे आकर वृद्ध महिला बुरी तरह कुचलकर घायल हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए पीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक स्नेहा लूसी ने जांच के बाद वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर पीएचसी पहुंचे दारोगा अजय कुमार पासवान के द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया। इधर वृद्ध महिला के मौत की सूचना मिलते ही परिजन भागे भागे पीएचसी पहुंचे। जहां उनके रूदन क्रंदन से पीएचसी का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश ने बताया कि दुर्घटना कारित करने वाले मक्का लोड ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।