महिला पुलिस कर्मी की पिटाई मामले को एसपी ने बताया गलत
मुंगेर में एक महिला पुलिस अधिकारी की पिटाई की खबर का एसपी ने खंडन किया। वह कचहरी से लौटते समय दो लोगों के झगड़े में मध्यस्थता करने पहुंची थी। अनजाने में एक नेत्रहीन व्यक्ति का हाथ लगने से आसपास के...

मुंगेर, निज संवाददाता । सोशल मीडिया पर शुक्रवार की शाम एक महिला पुलिस पदाधिकारी की पिटाई की खबर का खंडन करते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद ने सोशल मीडिया द्वारा वीडियो फुटेज काटकर भ्रामक खबर चलाने पर नाराजगी जताई है। एसपी ने बताया कि दरअसल कासिम बाजार थाना में पदस्थापित पुअनि जेन्सन टोना शुक्रवार की शाम कचहरी से लौट रही थी। सोझी घाट के समीप दो लोग किसी बात पर आपस में मारपीट कर रहे थे। कर्तव्य निष्ठता का परिचय देते हुए पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंच गई। झगड़ा करने वालों में एक टोटो चालक तथा दूसरा नेत्रहीन व्यक्ति था। नेत्रहीन व्यक्ति खुद को बचाने के लिए अपना हाथ इधर-उधर चला रहा था। झगड़ा छुड़ाने पहुंची महिला पुलिस को अनजाने में नेत्रहीन का हाथ लग गया। लेकिन आसपास के लोगों को लगा कि महिला पुलिस की पिटाई हो रही है, और इसकी सूचना कोतवाली थाना को दी। कोतवाली थाना से 2 गाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। नेत्रहीन व्यक्ति ने पुअनि से मौके पर माफी मांगा। तत्पश्चात झगड़ा कर रहे लोगों को थाना लाकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। लेकिन इस वाकया को कुछ मीडिया कर्मियों द्वारा वीडियो को काट कर झगड़ा छुड़ाने पहुंची महिला पुलिस कर्मी की पिटाई शीर्षक से खबर सोशल मीडिया पर चलाया जाने लगा। एसपी ने प्रेस रिलीज जारी कर महिला पुलिस पदाधिकारी की पिटाई की खबर का खंडन किया। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर चलाने के संबंध में नाराजगी जताई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।