मुंबई से एम्स्टर्डम की नॉन-स्टॉप फ्लाइट, इंडिगो ने पैसेंजर्स को दिया बड़ा तोहफा
इंडिगो ने मुंबई से एम्स्टर्डम तक अपनी पहली नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है। यह फ्लाइट सर्विस 2 जुलाई 2025 से शुरू होगी। कंपनी बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान के जरिए यूरोप में विस्तार कर रही है।
प्राइवेट एयरलाइन इंडिगो ने मुंबई से एम्स्टर्डम तक अपनी पहली नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है। यह फ्लाइट सर्विस 2 जुलाई 2025 से शुरू होगी। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस रूट पर सप्ताह में तीन बार इंडिगो की फ्लाइट उपलब्ध होगी। इंडिगो ने यह भी घोषणा की कि इस मार्ग पर सभी यात्रियों को गर्म भोजन और पेय पदार्थ परोसे जाएंगे। बता दें कि कंपनी बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान के जरिए यूरोप में विस्तार कर रही है।
कहां से कर सकेंगे बुकिंग
इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट www.goIndiGo.in पर फ्लाइट की बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स सहित सभी चैनलों पर मुंबई से एम्स्टर्डम फ्लाइट की बुकिंग उपलब्ध है।
क्या कहा कंपनी के अधिकारी ने
इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स ने कहा-मैं एम्स्टर्डम के लिए इंडिगो की फ्लाइट शुरू करते हुए रोमांचित हूं। हम अवकाश, व्यवसाय और शिक्षा के लिए यूरोप की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राह आसान बना रहे हैं। नीदरलैंड और भारत एक मजबूत और संपन्न द्विपक्षीय संबंध साझा करते हैं।
बता दें कि वर्तमान में, भारत और यूरोप के बीच 16 एयरलाइंस संचालित होती हैं, जो 2024 में 18 से कम है। एयर इंडिया 30.2 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ बाजार में सबसे आगे है। इसके बाद लुफ्थांसा (14.3 प्रतिशत) और ब्रिटिश एयरवेज (12.4 प्रतिशत) हैं। इंडिगो 8.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ चौथे स्थान पर है।
विमान के कई ऑर्डर
वर्तमान में 400 से अधिक विमानों के बेड़े का संचालन करने वाली इंडिगो के पास 900 से अधिक विमानों का ऑर्डर है। हाल ही में इंडिगो ने बोइंग 787-9 विमानों के लिए नॉर्स अटलांटिक एयरवेज के साथ एक वेट लीज समझौता किया है, जिसे 2027 में अपने स्वयं के 30 एयरबस A350-900 विमानों के आने तक लंबी दूरी के संचालन के लिए तैनात किया जाएगा।