IPL में पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की हुई ऐसी बेइज्जती, CEO ने की बात; अब धोनी का क्या होगा?
IPL इतिहास के सबसे सफल टीम का नाम लेने को कहा जाए तो ज्यादातर का जवाब चेन्नई सुपर किंग्स होगा। 5 बार की चैंपियन। 11 बार की फाइनलिस्ट। लेकिन टीम IPL 2025 के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। लगातार दूसरी बार ऐसा हुआ है। पहली बार एमएस धोनी IPL में लगतार 2 बार फाइनल में नहीं दिखेंगे।

मुंबई इंडियंस के साथ सबसे ज्यादा 5-5 बार आईपीएल चैंपियन रह चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2025 किसी बुरे सपने से कम नहीं है। वह इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन चुकी है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट की वजह से टूर्नामेंट के बीच से बाहर हुए। फिर कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई लेकिन यह करिश्माई कप्तान भी टीम की हालत नहीं सुधार पाया। बुधवार को पंजाब किंग्स से हार के बाद सीएसके के सीईओ ने महेंद्र सिंह धोनी से बात की। उसके बाद से अब थाला के क्रिकेटिंग फ्यूचर को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पंजाब किंग्स से हारकर प्लेऑफ की रेस से बाहर
बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल के अपने 10वें मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। युजवेंद्र चहल की हैट्रिक की वजह से सीएसके 19.4 ओवर में 190 रन पर ऑल आउट हो गई। सैम करन ने 47 गेंद में 88 रन की पारी खेली। जवाब में पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेय अय्यर की 41 गेंद में 72 और प्रभसिमरन सिंह के 36 गेंदों में 54 रन की शानदार पारियों की बदौलत 2 गेंद शेष रहते 4 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की।
IPL में कभी ऐसे बेआबरू नहीं हुई थी चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल में कभी भी ऐसे बेआबरू नहीं हुई थी। महेंद्र सिंह धोनी के लिए भी यही बात लागू होती है। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब धोनी लगातार दो फाइनल में नहीं दिखेंगे। लगातार दूसरी बार चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई है। इस बार तो वह आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम है।
चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। 18वां सीजन चल रहा है और सीएसके अब तक 11 फाइनल खेल चुकी है। 5 बार चैंपियन भी रही है। लेकिन अब टीम की दुर्दशा देखकर यकीन करना मुश्किल है कि कभी आईपीएल में उसका ही सिक्का चलता था।
सीएसके के सीईओ ने की महेंद्र सिंह धोनी से बात
टीम की हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथ ने महेंद्र सिंह धोनी से बातचीत की। धोनी पास से गुजर रहे थे तो विश्वनाथ ने उन्हें रोक लिया और उनसे कुछ देर बातचीत की। उस वक्त सीएसके कैप्टन अपने ग्ल्व्स तक नहीं उतारे थे। बातचीत के दौरान दोनों के चेहरे पर हंसी थी, लिहाजा यह तो कह सकते हैं कि कोई गंभीर बात नहीं हुई होगी। फिर भी अब सीएसके की ऐसी रुसवाई के बाद धोनी के भविष्य पर सवाल उठने लगे हैं।
अगले साल आईपीएल में खेलते हुए नहीं दिखेंगे धोनी: पोलक
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर रहे शॉन पोलक ने तो भविष्यवाणी कर दी है कि महेंद्र सिंह धोनी अगले साल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए नहीं दिखेंगे। उन्होंने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि अगर धोनी अगली बार खेलते हुए दिखे तो उन्हें हैरानी होगी। वैसे पिछले 2-3 आईपीएल से यह सवाल उठता है कि क्या थाला इसमें खेलेंगे, लेकिन हर बार धोनी खेलते हुए दिखे हैं। अब वह 43 वर्ष के हो चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।