ट्रांसफार्मर के बहते तेल से नाले के पानी में लगी आग
Badaun News - ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप के कर्मचारियों की लापरवाही से आवास विकास मोड़ पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खराब तेल नाले में बहाने के कारण आग लग गई। फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। घटना के समय ट्रांसफॉर्मर...

ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते शुक्रवार दोपहर में आवास विकास मोड़ पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफॉर्मर से निकलने वाला खराब तेल नाले में बहाया जा रहा है। जिससे नाले में आग लग गई। गनीमत रही कि नाले के पास लगा ट्रांसफॉर्मर आग की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही अधीक्षण अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद आग पर काबू पाया। घटना शहर के आवास विकास कॉलोनी की मुख्य रोड की है।आवास
विकास कॉलोनी के पास विद्युत निगम का ट्रांसफॉर्मर का वर्कशॉप है। यहां मरम्मत के लिए भारी संख्या में ट्रांसफॉर्मर आते हैं। लोगों का कहना है कि आए दिन ट्रांसफॉर्मर से निकलने वाला खराब तेल कर्मचारी नाले में बहा देते हैं। नाले के ऊपर दुकानदारों ने स्लैब डालकर अतिक्रमण कर रखा है। जिससे कचरा इकटठा होने के साथ तेल भी नाले में जमा होता रहता है। लोगों का कहना है कि किसी ने जलती बीड़ी पीकर नाले में फेंक दी। जिससे नाले में बह रहे तेल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग पूरे नाले में फैल गई। जिससे नाले से आग की लपटों के साथ धुएं के गुबार उठने लगे। घटना होते ही वहां अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने इसकी सूचना विद्युत निगम के अधिकारियों को दी। जिस पर अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और घंटो मशक्कत के बाद कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने के दौरान ट्रांसफॉर्मर पास होने की वजह से कुछ देर के लिए बिजली कर्मचारियों ने शटडाउन लिया। स्थिति सामान्य होने पर इलाके की आपूर्ति बहाल की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।